गम्हरिया : गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टाटा कंपनी फाटक के समीप स्क्रैप मेटल चोरी कर उसकी अवैध बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में चोरी का स्क्रैप मेटल बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया, जिसमें करीब आधा टन स्क्रैप मेटल लदा हुआ था।
इसके अलावा घटनास्थल से लगभग 10 टन स्क्रैप मेटल बरामद किया गया है। पुलिस फिलहाल बरामद सामान की कीमत का आकलन करने के साथ-साथ उसके स्रोत की जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस छापेमारी दल में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पीएसआई रामकाशी, ईशु राम तथा धर्मवीर कुमार शामिल थे।
