जमशेदपुर/नई दिल्ली : देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें लागू होने के बाद जमशेदपुर में पेट्रोल 102.52 रुपये और डीजल 97.57 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और घरेलू बजट पर पड़ने लगा है।
पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब पेट्रोल और डीजल महंगे हुए हैं। इससे पहले भी तेल कंपनियां दो बार दाम बढ़ा चुकी हैं। लगातार हो रही बढ़ोतरी से निजी वाहन चालकों के साथ-साथ परिवहन और माल ढुलाई की लागत भी बढ़ने लगी है, जिसका असर अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
देश के कई बड़े शहरों में भी पेट्रोल और डीजल के दाम नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। कोलकाता में पेट्रोल 110.57 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर जैसे शहरों में भी ईंधन के दामों में तेजी देखी गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी इसका मुख्य कारण है। वैश्विक तनाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के चलते क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं। कुछ समय पहले तक 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने वाला कच्चा तेल अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है। इससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और घाटे की भरपाई के लिए कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया है।
अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के नए रेट
जमशेदपुर : पेट्रोल 102.52 रुपये, डीजल 97.57रुपये प्रति लीटर
कोलकाता: पेट्रोल 110.57 रुपये, डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर
पटना: पेट्रोल 110.19 रुपये, डीजल 95.41 रुपये प्रति लीटर
दिल्ली: पेट्रोल 99.51 रुपये, डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर
मुंबई: पेट्रोल 108.46 रुपये, डीजल 94.99 रुपये प्रति लीटर
चेन्नई: पेट्रोल 105.33 रुपये, डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर
बेंगलुरु: पेट्रोल 107.99 रुपये, डीजल 95.95 रुपये प्रति लीटर
गुरुग्राम: पेट्रोल 100.16 रुपये, डीजल 92.71 रुपये प्रति लीटर
नोएडा: पेट्रोल 99.78 रुपये, डीजल 93.12 रुपये प्रति लीटर
चंडीगढ़ : पेट्रोल 98.97 रुपये, डीजल 87.00 रुपये प्रति लीटर
हैदराबाद: पेट्रोल 112.75 रुपये, डीजल 100.86 रुपये प्रति लीटर
जयपुर: पेट्रोल 110.19 रुपये, डीजल 95.41 रुपये प्रति लीटर
लखनऊ: पेट्रोल 99.27 रुपये, डीजल 92.64 रुपये प्रति लीटर
