August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

JAMSHEDPUR : जनशिकायत निवारण दिवस में पहुंचे दर्जनों मामले, उपायुक्त ने त्वरित समाधान के दिए निर्देश

JAMSHEDPUR : जनशिकायत निवारण दिवस में पहुंचे दर्जनों मामले, उपायुक्त ने त्वरित समाधान के दिए निर्देश

दो दिव्यांगजनों को दिया गया ई ट्राइ साइकिल, कई आवेदनों का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान

जमशेदपुर : जमशेदपुर समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनशिकायत निवारण दिवस में घर खाली कराने से जुड़े विवाद, राहरगोड़ा-बारिगोड़ा क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग, सिलिकोसिस पीड़ितों के इलाज की व्यवस्था, आरटीई के तहत निजी स्कूलों में नामांकन, सेवानिवृत्त शिक्षक के पेंशन भुगतान, जमीन मापी, बकाया राशि भुगतान, रोजगार उपलब्ध कराने, बैंकिंग समस्याएं, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना (CMEGP) का लाभ दिलाने, जमीन अधिग्रहण मुआवजा, पंचायत मंडप निर्माण और अबुआ आवास योजना समेत कई आवेदन प्रस्तुत किए गए।

जमीन मापी एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैंकिंग शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित बैंक प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से वंचित लाभुकों के मामलों में जिला उद्योग केंद्र को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

वहीं, जमीन अधिग्रहण से जुड़े लंबित मुआवजा मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की बात कही गई। पंचायत मंडप निर्माण और अबुआ आवास योजना से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading