जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में हावड़ा ब्रिज के पास भारत पेट्रोलियम के CNG पंप पर गैस भरने के दौरान हुए हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई।
CNG पाइप तेज दबाव के साथ निकलकर कर्मचारी के चेहरे पर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान टीएमएच में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान तुषार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तुषार CNG पंप पर वाहनों में गैस भरने का काम करता था। शुक्रवार को वह एक कार में CNG भर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज दबाव के कारण CNG पाइप कनेक्शन से निकल गई और तेजी से उसके चेहरे पर आकर लगी।
पाइप की जोरदार चोट से तुषार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके सिर के पिछले हिस्से में भी गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल तुषार को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
तुषार की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
CNG पंप की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद CNG पंपों पर सुरक्षा मानकों और उच्च दबाव वाले उपकरणों के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। CNG गैस से जुड़े पाइप, कनेक्शन और अन्य उपकरणों की नियमित जांच बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
ऐसे में जांच का विषय यह भी है कि संबंधित पंप पर सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और उपकरणों का नियमित निरीक्षण हुआ था या नहीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित विभाग की ओर से भी हादसे के कारणों की पड़ताल की जा सकती है।
जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पाइप के अचानक निकलने की वजह तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई।