July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में एक ही छत के नीचे मिली बड़ी राहत: मतदाता पहचान पत्र, आधार सुधार और एसआईआर मानचित्रण के लिए उमड़ी लोगों की भीड़

जमशेदपुर में एक ही छत के नीचे मिली बड़ी राहत: मतदाता पहचान पत्र, आधार सुधार और एसआईआर मानचित्रण के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
  • सिंहभूम चैम्बर और जिला प्रशासन के संयुक्त शिविर में करीब 300 लोगों ने कराया जरूरी कार्य
  • व्यापारियों और आम नागरिकों को मिली बड़ी सुविधा

जमशेदपुर। Singhbhum Chamber of Commerce and Industry की पहल पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में एसआईआर मानचित्रण, मतदाता पहचान पत्र एवं आधार कार्ड से संबंधित विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में व्यवसायियों, उद्यमियों और आम नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।


शिविर के दौरान 98 लोगों ने एसआईआर मानचित्रण, 105 लोगों ने मतदाता पहचान पत्र से संबंधित कार्य तथा 96 लोगों ने आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। लोगों ने मतदाता सूची में एसआईआर-2003 से मानचित्रण, पुराने मतदाता पहचान पत्र में त्रुटि सुधार, नए मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन, आधार कार्ड में संशोधन तथा नया आधार कार्ड बनवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए।


इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चैम्बर के आग्रह पर इस शिविर के आयोजन की अनुमति प्रदान की गई, जो राज्य में प्रारंभ होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को देखते हुए अत्यंत उपयोगी साबित हुई।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए उपायुक्त कार्यालय से निर्वाचन शाखा के कर्मी रामस्वरूप राम, सुलभ मंडल, दीपक कुमार, अविनाश भंज एवं अमित कुमार पांडेय को प्रतिनियुक्त किया गया था। सभी कर्मियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए लगभग 300 लोगों की समस्याओं का समाधान किया। चैम्बर की ओर से सभी कर्मियों एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
मानव केडिया ने कहा कि इस प्रकार के शिविर व्यापारी वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। व्यस्तता और समयाभाव के कारण कई लोग सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी राहत मिलती है।
उन्होंने शिविर के संयोजक भव्या मेहता एवं महेश संघी की भी सराहना की। दोनों ने चैम्बर और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर चैम्बर उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं सचिव सुरेश शर्मा लिपु ने कहा कि व्यवसायियों, उद्यमियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनसुविधा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
शिविर के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सहित सह-मनोनित सदस्य मनोज गोयल, कार्यसमिति सदस्य प्रतीक अग्रवाल, पीयूष गोयल, अमीष अग्रवाल, उमेश खीरवाल, मोहित मूनका, विकास गढ़वाल एवं पंकज पटेल ने सक्रिय योगदान दिया।
शिविर में उपस्थित लोगों ने एसआईआर मानचित्रण और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्राप्त की तथा इस पहल को जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading