जमशेदपुर: शहर के पत्रकारिता जगत के लिए शुक्रवार का दिन यादगार रहा। वर्षों से डिजिटल माध्यम पर निष्पक्ष और जनसरोकार की पत्रकारिता कर रहे न्यूज़ लहर ने अपनी हिंदी मासिक पत्रिका का शुभारंभ किया।
बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्रिका का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर शहर के पत्रकार, बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण और जलवायु के साथ-साथ सामाजिक और जीवन मूल्यों का संतुलन भी बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लेखन केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण कला है, जिसमें साहित्य की भूमिका सबसे अहम होती है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का प्रसंग सुनाते हुए कहा, “जब राजनीति डगमगाती है तो साहित्य उसे सहारा देता है।” उन्होंने संघर्ष को सफलता की कुंजी बताते हुए अपने राजनीतिक जीवन का उदाहरण भी साझा किया। उन्होंने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बाद कई लोगों ने उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठाए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार जनता का विश्वास जीतते हुए कई बार विधायक तथा मंत्री बने।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बिहार एसोसिएशन के एस.के. सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में किसी प्रिंट पत्रिका का प्रकाशन शुरू करना आसान नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि केवल अपराध और सनसनीखेज खबरों तक सीमित रहने के बजाय नई पीढ़ी यानी जेन-जी की रुचियों और समाजोपयोगी विषयों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
समारोह के दौरान पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बुके और शॉल देकर स्वागत किया गया।
वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने न्यूज़ लहर के संस्थापक एवं अधिवक्ता संजय सिंह को भी शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में न्यूज़ लहर के संस्थापक एवं अधिवक्ता संजय सिंह ने कहा कि पिछले कई वर्षों से न्यूज़ लहर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित की खबरें पाठकों तक पहुंचाता रहा है। पाठकों के विश्वास और सहयोग के बल पर अब हिंदी मासिक पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के बीच तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि न्यूज़ लहर की मासिक पत्रिका में जनसरोकार के मुद्दों, सकारात्मक पहल, विश्लेषणात्मक लेखों और विश्वसनीय समाचारों को प्रमुखता दी जाएगी।
संजय सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसका दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना भी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्यूज़ लहर आगे भी सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों के साथ अपनी पत्रकारिता जारी रखेगा तथा शहर के बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और जागरूक नागरिकों के सुझावों का सदैव स्वागत करेगा।
लोकार्पण समारोह में इस्पात मेल और चमकता आइना के संचालक छोटकू जी, केके बिल्डर के संचालक सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में न्यूज़ लहर के कार्यकारी संपादक अजय शंकर, डिप्टी न्यूज एडिटर इफ्तेखार अली, चीफ रिपोर्टर लाबोनी मुखर्जी तथा संपादकीय टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।