जमशेदपुर: झारखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत जमशेदपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की बात करती है, जबकि दूसरी ओर झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं के आरोपों पर मौन बनी हुई है।
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से सभी विवादित भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने, पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
उनका कहना था कि भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
इस दौरान नेताओं ने गुरुवार को रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव और कथित पत्थरबाजी की घटना की भी आलोचना की।
उन्होंने इसे सुनियोजित घटना बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है तथा राजनीतिक विरोध शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से होना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं का भविष्य इन भर्ती प्रक्रियाओं पर निर्भर है। ऐसे में सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद हो।
उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून और प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जबकि कांग्रेस युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।