जमशेदपुर: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 19 जुलाई 2026 (रविवार) को पूर्वी सिंहभूम जिले के 90 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इनमें जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में 82 और घाटशिला अनुमंडल में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की है।
परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा तीसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।
अभ्यर्थियों को निर्धारित समय तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस पदाधिकारी एवं महिला पुलिस बल द्वारा की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी केंद्रों पर स्वच्छ, सुरक्षित और कदाचारमुक्त परीक्षा वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
परीक्षा संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को परीक्षा समाप्त होने तक अपने-अपने केंद्रों पर तैनात रहकर दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को 19 जुलाई की सुबह 5 बजे जिला नियंत्रण कक्ष से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है।
उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पेट्रोलिंग और उड़नदस्ता दल लगातार सक्रिय रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कदाचार, प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), एडीसी, जेएनएसी के नगर आयुक्त एवं उप नगर आयुक्त, डीईओ, डीएसई, टीओ, डीएसपी, बीडीओ, सीओ सहित सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्र ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी तथा उड़नदस्ता-सह-जोनल दंडाधिकारी उपस्थित रहे।
