गालूडीह: पूर्वी सिंहभूम जिले में ब्रेन मलेरिया से मौतों का सिलसिला जारी है। जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत हेंदलजूडी पंचायत के केंदडांगा गांव में ब्रेन मलेरिया से 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान रोहित हांसदा की पुत्री किरण हांसदा के रूप में हुई है। किरण बनकटी उच्च विद्यालय में कक्षा सातवीं की छात्रा थी। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार किरण पिछले कई दिनों से तेज बुखार और लगातार सिरदर्द से पीड़ित थी। रविवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे घाटशिला के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
हालांकि इलाज के दौरान उसकी हालत और गंभीर होने लगी। इसके बाद सोमवार दोपहर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झारग्राम स्थित अस्पताल ले गए।
झारग्राम के अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार देर रात करीब 12 बजे किरण ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे ब्रेन मलेरिया से पीड़ित बताया। बुधवार सुबह छात्रा के पार्थिव शरीर को गांव लाया गया, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उसे दफनाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हेंदलजूडी पंचायत के मुखिया मिर्जा हांसदा, वार्ड सदस्य दुर्लभ सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मृतका के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
किरण हांसदा अपने परिवार में दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पूरे केंदडांगा गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते मलेरिया के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से व्यापक जांच, दवा छिड़काव और जागरूकता अभियान तेज करने की मांग की है।
