गम्हरिया:सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत झारखंड प्रदेश मारवाड़ी महिला समिति, गम्हरिया द्वारा आयोजित राखी मेला उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ संपन्न हुआ। मेले में एक ओर जहां राखियों, हस्तशिल्प, ज्वेलरी, परिधानों और उपहारों के आकर्षक स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जुगसलाई की वरिष्ठ समाजसेविका रिंकू सिंह ने किया। उन्होंने मारवाड़ी महिला समिति द्वारा समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया।
मेले में राखी, कपड़े, गिफ्ट आइटम, हैंडक्राफ्ट और ज्वेलरी सहित दो दर्जन से अधिक स्टॉल लगाए गए थे। विशेष रूप से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तशिल्प सामग्री ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इन स्टॉलों पर बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचे।
समिति की अध्यक्ष रीना धानुका ने बताया कि संस्था समाज में त्वचा दान (स्किन डोनेशन) को बढ़ावा देने के लिए भी अभियान चला रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से त्वचा दान के प्रति जागरूक होने और इस मानवीय पहल से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर समिति की सचिव मधु जालान, कोषाध्यक्ष सरोज तुलस्यान, गायत्री तुलस्यान, मंजू चौधरी, कुसुम अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, किरण तुलस्यान, पूनम दीदी, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
