आरोपी के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम समेत पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में दर्ज हैं 10 मामले
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना का जमशेदपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन के दो टूटे हुए टुकड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के समीप स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर टेल्को थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी क्रम में हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान गोविंदपुर निवासी विक्रम हो (25 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से छीनी गई सोने की चेन के दो टूटे हुए हिस्से बरामद हुए। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर महिला से चेन छिनतई की थी। उसने यह भी खुलासा किया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विक्रम हो के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, चेन छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों के लगभग 10 मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
