जमशेदपुर: कोल्हान के उद्योगों और कारोबार को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI)और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (SAIF) जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग आयोजित की।
यह दो दिवसीय कार्यक्रम 9 और 10 जुलाई 2026 को गोलमुरी स्थित होटल विवांता में संपन्न हुआ, जिसमें शहर के कई उद्योगपतियों और उद्यमियों ने भाग लिया।
बैठक में शारजाह सरकार की ओर से अली अल मुतावा और शोएब इब्राहिम खतीब, जबकि फिक्की की ओर से सेजल सिंह मौजूद रहीं। सिंहभूम चैंबर का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष मानव केडिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगासिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य पंकज पटेल, कमल लढ़ा और बजरंग अग्रवाल ने किया।
बैठक के दौरान SAIF जोन के अधिकारियों ने शारजाह में उपलब्ध औद्योगिक और व्यावसायिक अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि SAIF जोन पिछले तीन दशकों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और यह उनका जमशेदपुर का पांचवां दौरा है, जो कोल्हान क्षेत्र के उद्योगों में उनकी निरंतर रुचि को दर्शाता है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में SAIF जोन में 8,500 से अधिक कंपनियां कार्यरत हैं, जिनमें करीब 60 प्रतिशत भारतीय कंपनियां हैं। वहीं, पूरे यूएई में कुल 55 फ्री जोन संचालित हैं, जहां निवेशकों को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना और कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है।
भारतीय उद्यमियों को दी गई विशेष सुविधाओं की जानकारी
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्योगपतियों को शारजाह में निवेश और कारोबार शुरू करने के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं से भी अवगत कराया। इनमें रियायती दरों पर औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, श्रमिक आवास, जीरो कस्टम ड्यूटी, जीरो इनकम टैक्स, रेजिडेंट वीजा, स्थानीय बैंक खाता खोलने की सुविधा तथा मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण जैसी आकर्षक व्यवस्थाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि इन सुविधाओं के कारण SAIF जोन भारतीय निवेशकों के लिए सबसे पसंदीदा निवेश स्थलों में से एक बन चुका है।
निवेश, निर्यात और व्यापार विस्तार पर हुई चर्चा
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शारजाह के अधिकारियों के साथ यूएई और मध्य-पूर्व के देशों में निवेश, निर्यात और व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। उद्योगपतियों ने कारोबारी प्रक्रियाओं, निवेश नीतियों और भविष्य के सहयोग को लेकर कई सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
कोल्हान के उद्योगों को मिलेगा वैश्विक मंच : मानव केडिया
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शारजाह सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियां और उपलब्ध सुविधाएं भारतीय उद्योगपतियों को मध्य-पूर्व में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने और वैश्विक स्तर पर कारोबार का विस्तार करने के लिए प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम के समापन पर सिंहभूम चैंबर ने फिक्की और शारजाह सरकार के प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संवाद आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोल्हान क्षेत्र के उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़े और उन्हें वैश्विक बाजारों से सीधे जोड़ने का अवसर मिलता रहे।