जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद वाहनों की रफ्तार कम नहीं हो रही है। साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में जा घुसा।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दुर्घटना में बैंक भवन का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बैंक को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे बैंक परिसर में घुस गया। हादसे के वक्त बैंक परिसर स्थित एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्ड मौजूद था, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया। घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को बैंक परिसर से बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
