August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

Jamshedpur: टाटा स्टील और टाटा क्लासएज के खेल उत्कृष्टता शिविर का समापन, नासिक के विद्यार्थियों ने सीखी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग

Jamshedpur: टाटा स्टील और टाटा क्लासएज के खेल उत्कृष्टता शिविर का समापन, नासिक के विद्यार्थियों ने सीखी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग

जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा स्टील और टाटा क्लासएज के संयुक्त तत्वावधान में मराठा विद्या प्रसारक समाज (एमवीपीएस), नासिक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आठ दिवसीय खेल उत्कृष्टता शिविर का सफल समापन हुआ। शिविर के दौरान युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण, आधुनिक खेल विज्ञान और जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति से रूबरू कराया गया।

इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं, आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों और खेल विज्ञान की जानकारी प्रदान करना था।

शिविर की शुरुआत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ओरिएंटेशन कार्यक्रम के साथ हुई, जहां टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी और हेड स्पोर्ट्स कैप्टन मनीष सिन्हा ने विद्यार्थियों का स्वागत किया।

इस दौरान प्रतिभागियों को पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया गया।

तीरंदाजी में मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

शिविर का प्रमुख आकर्षण टाटा आर्चरी अकादमी में आयोजित विशेष तीरंदाजी प्रशिक्षण रहा। यहां विशेषज्ञ प्रशिक्षक सुशांतो और पार्वती ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज पूर्णिमा महतो ने विशेष कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को उन्नत तकनीकों, सटीक निशानेबाजी और प्रतियोगी स्तर की तैयारी के गुर सिखाए।

खेल विज्ञान की भी मिली गहन जानकारी

शिविर में केवल शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि आधुनिक खेल विज्ञान पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मानसी बलसारा ने खिलाड़ियों को चोट से बचाव, रिकवरी तकनीकों और पेशेवर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक शारीरिक देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) में आयोजित इन सत्रों से विद्यार्थियों ने खेल के वैज्ञानिक पहलुओं को बेहतर ढंग से समझा।

कई खेलों में मिला प्रशिक्षण

प्रतिभागियों को बास्केटबॉल, पिकलबॉल, आत्मरक्षा, जुंबा और वॉटर पोलो जैसी विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही उन्होंने नवल टाटा हॉकी अकादमी का दौरा कर वहां उपलब्ध अत्याधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को करीब से देखा।

जमशेदपुर की खेल और सांस्कृतिक विरासत से कराया परिचय

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्टील सिटी जमशेदपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। उन्होंने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, सेंटर फॉर एक्सीलेंस का दौरा किया और जुबली पार्क के प्रसिद्ध लेजर शो का आनंद लिया। शिविर का समापन घुड़सवारी सत्र और मैत्रीपूर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल का प्रदर्शन किया।

खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है टाटा स्टील

टाटा स्टील लंबे समय से देश में खेलों को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रही है। कंपनी फुटबॉल, तीरंदाजी और हॉकी जैसी विश्वस्तरीय अकादमियों के साथ 20 से अधिक खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

इन प्रयासों के माध्यम से टाटा स्टील लगातार ऐसी खेल प्रतिभाओं को तैयार कर रही है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। कंपनी का उद्देश्य अपने विजन “चैंपियंस का निर्माण, समुदायों को प्रेरणा” को साकार करना है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading