August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

यूनियन बर्लिन ने फेलिक्स उडुओखाई को किया साइन, क्लब के डिफेंस को देंगे मजबूती

यूनियन बर्लिन ने फेलिक्स उडुओखाई को किया साइन, क्लब के डिफेंस को देंगे मजबूती

बर्लिन, 28 अगस्त (आईएएनएस)। जर्मन क्लब यूनियन बर्लिन ने बेसिकटास इस्तांबुल से सेंटर-बैक खिलाड़ी फेलिक्स उडुओखाई को साइन किया है। क्लब ने घोषणा की है कि 28 साल के उडुओखाई तुर्की में दो साल बिताने के बाद बुंडेसलीगा में वापसी कर रहे हैं।

यह खिलाड़ी इस्तांबुल में अपना मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने से एक साल पहले ही यूनियन बर्लिन से जुड़ गया है। हालांकि, क्लब ने अभी उनके नए कॉन्ट्रैक्ट की अवधि का खुलासा नहीं किया है। मार्विन फ्रेडरिक, स्टेनली नसोकी और युवा बेल्जियन खिलाड़ी जेनो वैन डेन बॉश के बाद, वह इस सीजन यूनियन बर्लिन की डिफेंस में शामिल होने वाले चौथे नए खिलाड़ी हैं।

बाएं पैर के इस डिफेंडर ने 2024 में विदेश जाने से पहले वीएफएल वोल्फ्सबर्ग और ऑग्सबर्ग के लिए 150 बुंडेसलीगा मैच खेले थे। ‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बेसिकटास के लिए 58 प्रतिस्पर्धी मैच खेले, जिसमें यूरोपियन प्रतियोगिता भी शामिल है, लेकिन पिछले सीजन में वे अपनी रेगुलर शुरुआती जगह खो बैठे थे और मौजूदा सीजन में अभी तक नहीं खेले थे।

उडुओखाई ने कहा, “मेरे लिए यह कदम सही समय पर सही फैसला लगता है। मुझे बुंडेसलीगा की याद आ रही थी और मैं एक महत्वाकांक्षी क्लब का हिस्सा बनना चाहता था। यूनियन ने शुरू से ही मुझे साफतौर पर बताया कि हम साथ मिलकर क्या हासिल करना चाहते हैं। अब मैं टीम को जानने, जिम्मेदारी लेने और टीम व फैंस के साथ कई खास पलों का अनुभव करने के लिए उत्सुक हूं।”

यूनियन के पुरुषों के प्रोफेशनल फुटबॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर, हॉर्स्ट हेल्ड्ट ने डिफ़ेंडर के अनुभव और बॉल पर कंट्रोल की उनकी काबिलियत पर जोर दिया।हेल्ड्ट ने कहा, “फेलिक्स एक ऐसी प्रोफाइल लेकर आए हैं जो बाजार में आसानी से नहीं मिलती। वे ड्यूल्स (आमने-सामने की टक्कर) में मजबूत हैं, उनका बिल्ड-अप प्ले अच्छा है और वे बुंडेसलीगा में कई वर्षों और सुपर लिग के एक टॉप क्लब में खेलने के कारण उच्च स्तर की जरूरतों को समझते हैं। हमें यकीन है कि वे हमारे डिफेंस को अहम मजबूती प्रदान करेंगे।”

जर्मनी के एनाबर्ग-बुचहोल्ज में जन्मे फेलिक्स उडुओखाई ने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत 1860 म्यूनिख की युवा अकादमी से की थी। उन्होंने सितंबर 2016 में सेकंड डिवीजन में पेशेवर फुटबॉल में डेब्यू किया। 2017 में वह वोल्फ्सबर्ग से जुड़े और 2019 में लोन पर ऑग्सबर्ग गए। बाद में ऑग्सबर्ग ने उन्हें स्थायी रूप से अपनी टीम में शामिल कर लिया।

उडुओखाई ने जर्मनी के लिए अंडर-19, अंडर-20 और अंडर-21 स्तर पर खेला है। वह 2019 यूरोपीय अंडर-21 चैंपियनशिप में फाइनल तक पहुंचने वाली जर्मन टीम का हिस्सा भी रहे। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भी जर्मनी का प्रतिनिधित्व किया था और सऊदी अरब के खिलाफ जीत दिलाने वाला गोल दागा था। नवंबर 2020 में तत्कालीन कोच जोआचिम लोव ने उन्हें सीनियर राष्ट्रीय टीम में बुलाया, लेकिन उन्हें मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अब यूनियन बर्लिन ने अपनी डिफेंस को और मजबूत बनाने के लिए फेलिक्स उडुओखाई को टीम में शामिल किया है।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading