गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर गांव में रविवार देर रात गौतम मुंडा की पत्थर से कूचकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राहुल हेंब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, इस मामले का दूसरा आरोपी गौड़ गोप अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गम्हरिया थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन शिवनारायणपुर गांव में सोनू नामक युवक की बहन की सगाई का समारोह आयोजित था।
इसी दौरान बाइक से वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी गौतम मुंडा और उसके दोस्त कंचन की राहुल हेंब्रम से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो उस रात फिर से उग्र हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। जान बचाने के लिए गौतम और उसका दोस्त कंचन वहां से भागने लगे, लेकिन राहुल हेंब्रम ने गौतम का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि उसने गौतम को जमीन पर गिराकर बड़े पत्थर से सिर पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान कंचन किसी तरह घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पुलिस ने आरोपी राहुल हेंब्रम की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम फरार आरोपी गौड़ गोप की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह, हीरालाल यादव और अमीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।