जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के पीएम आवास के समीप बुधवार देर रात 27 वर्षीय युवक ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक की पहचान आकाश कुमार लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था और पेशे से डिलीवरी ब्वॉय था। बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले ही आकाश अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये के मकान में रहने आया था।
पत्नी से विवाद के बाद कमरे में चला गया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार रात किसी घरेलू बात को लेकर आकाश का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद पत्नी कमरे में पहुंची तो आकाश को फंदे से लटका पाया।
इसके बाद पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से आकाश को फंदे से नीचे उतारा गया और तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे का आदी होने की भी बात सामने आई
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आकाश को नशे की लत थी। घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
घटना के बाद मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और घरेलू विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन की जा रही है।