जमशेदपुर : ओडिशा से रक्षा बंधन का त्योहार मनाने ओडिशा से पिता संग 17 वर्षीय किशोर सीतारामडेरा स्थित घर आया था। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में घर है। शिवम राज शुक्रवार देर रात अपने घर में फंदे से लटका मिला।
शनिवार सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस एमजीएम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद किशोर का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
रक्षाबंधन मनाने तीन दिन पहले आया था जमशेदपुर
परिजनों के मुताबिक शिवम राज अपने पिता के साथ ओडिशा में रह रहा था। वहां वह एक गैराज में काम करता था। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए वह करीब तीन दिन पहले ही जमशेदपुर स्थित अपने घर आया था। परिवार के लोगों ने बताया कि घर आने के बाद वह सामान्य रूप से रह रहा था।
प्रेम संबंध खत्म होने के बाद तनाव की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी में शिवम के एक युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों के बीच संबंध समाप्त हो गया था। इसके बाद से शिवम तनाव में रहने लगा था। इसी वजह को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, प्रेम संबंध टूटने को ही मौत की वजह मानना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस ने इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। जांच के दौरान किशोर की मानसिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
सीतारामडेरा थाना पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और परिस्थितियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।