जमशेदपुर: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से करीब 59 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने बताया कि जिलेभर में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत लगातार वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के पास पुलिस टीम वाहन जांच कर रही थी।
इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कुछ लोगों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ एक बोलेरो वाहन, एक मोटरसाइकिल और 3,000 रुपये नकद भी बरामद किए।
गांजे की खेप कहां से आई, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इसके साथ ही पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।