August 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

सावन की अंतिम सोमवारी पर सोनारी भूतनाथ मंदिर में महिला की 5 लाख की सोने की चेन चोरी, CCTV में संदिग्ध कैद

सावन की अंतिम सोमवारी पर सोनारी भूतनाथ मंदिर में महिला की 5 लाख की सोने की चेन चोरी, CCTV में संदिग्ध कैद

जमशेदपुर: शहर में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सोने की चेन पहनकर निकलना अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। सावन की अंतिम सोमवारी पर सोनारी स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी हो गई।

घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चोरी किए जाने की आशंका जताई है।

पीड़िता रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं। सबसे पहले उन्होंने खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए भूतनाथ मंदिर पहुंचीं। अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।

रीना चौधरी के अनुसार, मंदिर में प्रवेश करते समय तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे-पीछे आए। आरोप है कि इनमें से एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया, जबकि बाकी लोग आसपास खड़े हो गए। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें उस समय किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और वह पूजा में व्यस्त हो गईं।

पूजा समाप्त होने के बाद जब वह मंदिर से बाहर निकलने लगीं, तब उनकी सहेली ने उनके गले में चेन नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब मिली।

पीड़िता का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करने के समय चेन उनके गले में थी, इसलिए उन्हें आशंका है कि भीड़ के बीच ही किसी ने उसे चोरी किया।

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या नहीं। मंदिर परिसर में हुई चोरी के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading