जमशेदपुर : साकची स्थित एक सभागार में शनिवार को नारी शक्ति समिति की ओर से ‘रिमझिम बरसे सावन’ सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। सावन गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं को सावन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
सावन गीतों पर महिलाओं के साथ झूमीं विधायक
महोत्सव के दौरान सावन गीतों की मधुर धुनों पर विधायक पूर्णिमा साहू भी महिलाओं के साथ झूमती नजर आईं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गीत-संगीत और नृत्य का आनंद लिया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
नारी शक्ति समिति की पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं से सजे इस आयोजन ने उपस्थित महिलाओं का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया गया।