September 3, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

जमशेदपुर में राज्य स्तरीय डीएवी एथलेटिक्स-स्क्वॉश प्रतियोगिता का समापन, सुमोना ने जीते दो स्वर्ण

जमशेदपुर में राज्य स्तरीय डीएवी एथलेटिक्स-स्क्वॉश प्रतियोगिता का समापन, सुमोना ने जीते दो स्वर्ण

जमशेदपुर : जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गोपाल मैदान में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय डीएवी एथलेटिक्स एवं स्क्वॉश प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को समापन हो गया।

डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर और डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी कैंपस, आदित्यपुर की संयुक्त मेजबानी में हुई इस प्रतियोगिता में झारखंड के 10 क्लस्टरों से 64 डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के साथ 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले में खिलाड़ियों ने अपनी गति और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया।

लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद, गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, स्क्वॉश मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

सुमोना ने जीते दो स्वर्ण, रितेश भी चमके

डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर की सुमोना ईशा मंडल ने अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें दोहरी सफलता दिलाई।

वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी कैंपस के रितेश प्रधान ने अंडर-19 बालक वर्ग के गोला फेंक मुकाबले में स्वर्ण पदक हासिल किया। सुमोना और रितेश दोनों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की डीएवी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।

क्लस्टर-4 का दौड़ और कूद स्पर्धाओं में दबदबा

दौड़ और कूद की स्पर्धाओं में क्लस्टर-4 के खिलाड़ियों ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक हासिल किए। गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसे थ्रोइंग इवेंट्स में क्लस्टर-6 और क्लस्टर-9 के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

स्क्वॉश में डीएवी पब्लिक स्कूल बचरा, चतरा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को पदक, प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नोआमुंडी डीएवी की प्राचार्या शशि कला, सिमडेगा डीएवी के प्राचार्य सुजय कुमार मिश्रा, गुमला डीएवी की प्राचार्या माधवी पांडे और झींकपानी डीएवी के प्राचार्य बिबेकानंद घोष समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।

डीएवी बिष्टुपुर की प्राचार्या सह स्टेट स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्रज्ञा सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में केवल जीत हासिल करना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि प्रतियोगिता में भाग लेना और अपनी प्रतिभा को सामने रखना भी उतना ही अहम है।

उन्होंने कहा कि डीएवी की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading