जमशेदपुर: लगातार हो रही बारिश के बीच जमशेदपुर में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शहर से होकर गुजरने वाली स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसका असर नदी किनारे और निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है।
नदियों का जलस्तर बढ़ने से जमशेदपुर-कपाली को जोड़ने वाला जाकिर पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल पर पानी भर जाने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी बीच जाकिरनगर इलाके में एक युवक तेज पानी के बहाव में बहने लगा। युवक को पानी में फंसकर संघर्ष करते देख स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने जोखिम उठाते हुए रस्सी की मदद से युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए हुए इस बचाव अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने, बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।