पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है। सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने रसूनचोपा पंचायत सचिवालय को निशाना बनाकर इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली।
मंगलवार सुबह पंचायत सचिवालय पहुंचने पर मुखिया सिमती सरदार को घटना की जानकारी मिली।
इधर, हल्दीपोखर मुख्य बाजार में भी चोरों ने दो मोबाइल दुकानों में चोरी का प्रयास किया। अज्ञात बदमाशों ने संतोष गुप्ता और अजय गुप्ता की मोबाइल दुकानों के ताले तोड़ दिए।
हालांकि, शटर का लॉक नहीं खुल पाने के कारण चोर दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके और सामान चोरी करने में नाकाम रहे।
इसके अलावा हल्दीपोखर बकरी बाजार के सामने स्थित एक गुमटी का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।