September 3, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

निखार सबलोक हत्याकांड में यूपी के दो शूटर गिरफ्तार, 15 लाख रुपये में मिली थी हत्या की सुपारी

निखार सबलोक हत्याकांड में यूपी के दो शूटर गिरफ्तार, 15 लाख रुपये में मिली थी हत्या की सुपारी

लोडेड पिस्तौल के साथ मानगो बस स्टैंड के पास पकड़े गए दोनों आरोपी

मुख्य बिंदु:

सबलोक हत्याकांड में यूपी के दो कथित शूटर गिरफ्तार

सबलोक की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी लेने का आरोप

जमशेदपुर :: होटल व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों को मानगो बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया। उनके पास से दो गोलियों से लोडेड एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (38) और अभिनय यादव (24) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों निखार सबलोक की हत्या की सुपारी लेकर जमशेदपुर पहुंचे थे।

15 लाख रुपये में हत्या की मिली थी सुपारी

गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को 2 सितंबर को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध हथियार लेकर मानगो बस स्टैंड इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपी पांडेय घाट के पास एक शौचालय के पीछे छिपे मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि उन्हें निखार सबलोक की हत्या के लिए जमशेदपुर बुलाया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को 19 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। दोनों को सुनील रजक के जरिए कुम्हारपाड़ा स्थित एक मकान में ठहराया गया था।

एडवांस भुगतान को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या की सुपारी मिलने के बाद एडवांस रकम के भुगतान को लेकर विवाद हो गया था। इसके कारण वे हत्या को अंजाम दिए बिना वापस उत्तर प्रदेश चले गए थे।

बाद में दोनों दोबारा जमशेदपुर लौटे, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि निखार सबलोक की हत्या पहले ही हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को भी गिरफ्तार किया जा चुका था।

जमशेदपुर लौटने के बाद दोनों आरोपी राघव से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्याकांड में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, निखार सबलोक हत्याकांड में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वारदात में इस्तेमाल कार और हथियार भी पुलिस बरामद कर चुकी है। इससे पहले मुख्य आरोपी सिंटू सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी समेत गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन विवाद को निखार सबलोक की हत्या की संभावित वजह बताया गया था। हालांकि, हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading