जमशेदपुर : जमशेदपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने बीएलओ और पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। ECINET से मिले आंकड़ों के अनुसार जिले के 18 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी प्रपत्र-6 प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि 671 मतदान केंद्रों पर सिर्फ 1 से 5 आवेदन ही मिले हैं।
गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। शहरी क्षेत्र के बीएलओ और पर्यवेक्षक प्रत्यक्ष रूप से बैठक में शामिल हुए, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में 2 सितंबर को ECINET से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसमें सामने आया कि जिले के 18 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी प्रपत्र-6 प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, 671 मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 प्रपत्र-6 ही प्राप्त या दर्ज किए गए हैं।
प्रपत्र-6 की कम संख्या पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को आवेदन संग्रह की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 उपलब्ध कराया जाए और प्राप्त आवेदनों की समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।
‘एक परिवार-एक बूथ’ पर जोर
बैठक में ‘एक परिवार-एक बूथ’ की अवधारणा को प्रभावी तरीके से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पात्र परिवार के सदस्यों के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से संबद्ध हों। इसके लिए बीएलओ को घर-घर संपर्क कर परिवार के सभी पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाने को कहा गया।
प्रत्येक घर में ‘Family Together’ स्टीकर अनिवार्य रूप से लगाने का भी निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों।
दस्तावेज नहीं होने पर जानकारी सुरक्षित रखने का निर्देश
दावा-आपत्ति की सुनवाई के लिए बनाए गए स्थलों पर तैनात पदाधिकारियों और कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि जिन मतदाताओं के पास जरूरी या वांछित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके नाम और आवश्यक विवरण दर्ज कर सुरक्षित रखें, ताकि आगे की प्रक्रिया के दौरान नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित घर-घर संपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 उपलब्ध कराने, आवेदन प्राप्त करने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यों की लगातार समीक्षा की जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।