पदक पर रहेगी नजर,12 लड़कियां और 18 लड़के प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
जमशेदपुर। कोलकाता में आयोजित होने वाली द्वितीय ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में जमशेदपुर के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सनशाइन मार्शल आर्ट अकादमी के नेतृत्व में 30 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोलकाता रवाना होगा। प्रतियोगिता का आयोजन 5 और 6 सितंबर को किया जाएगा।
जमशेदपुर से जाने वाले दल में 12 लड़कियां और 18 लड़के शामिल हैं। अकादमी के प्रशिक्षक गणेश सिंह, अमित सोनकर और महिला प्रशिक्षक लीना सिंह के अनुसार, सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। टीम का लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक अपने नाम करना है।
प्रतियोगिता से पहले सरयू राय से मिले खिलाड़ी
कोलकाता रवाना होने से पहले गुरुवार को कराटे खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने उनसे आशीर्वाद लिया। सरयू राय ने सभी प्रतिभागियों को आशीर्वाद दिया और प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अकादमी के प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई कि जमशेदपुर के खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन करेंगे।