जमशेदपुर: झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 6 सितंबर को जमशेदपुर में ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया जाएगा। स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के तीन विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चंद्रभूषण शर्मा और झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।
आयोजन समिति के संयोजक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बताया कि तीनों कुलपतियों की मौजूदगी से सेमिनार को व्यापक दृष्टिकोण मिलेगा और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य केवल झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की कमियों को सामने रखना नहीं है, बल्कि उन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर भी विचार करना है। शिक्षा के क्षेत्र में सामने आ रही चुनौतियों को चिन्हित कर उनके निराकरण की दिशा में ठोस पहल करने की जरूरत है।
सरयू राय ने कहा कि आयोजन समिति शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए समाधान आधारित चर्चा और आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्कूल-कॉलेजों तक पहुंचाई जा रही सेमिनार की जानकारी
सेमिनार को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जमशेदपुर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न महाविद्यालयों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जा रही है। आयोजन में शहर के शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रत्येक संस्थान से एक प्रतिनिधि को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में जमशेदपुर के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय और महाविद्यालय से एक प्रतिनिधि को सम्मानित किया जाएगा। किस शिक्षक या प्रतिनिधि को सम्मानित किया जाना है, इसका चयन संबंधित शैक्षणिक संस्थान स्वयं करेगा।
सेमिनार का आयोजन 6 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से माइकल जॉन ऑडिटोरियम, जमशेदपुर में किया जाएगा।