August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर के सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक भव्य जन्माष्टमी महोत्सव, बाल राधा-कृष्ण और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण

जमशेदपुर के सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक भव्य जन्माष्टमी महोत्सव, बाल राधा-कृष्ण और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण

जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सूर्य मंदिर समिति की ओर से 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी सोमवार को भालूबासा स्थित एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी गई। सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी और सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने आयोजन की रूपरेखा साझा की।

समिति के अनुसार, महोत्सव में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू तथा समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

जन्माष्टमी पर विशेष पूजा और महाआरती

जन्माष्टमी के अवसर पर सूर्य मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भगवान श्रीकृष्ण का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद महाआरती का आयोजन होगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। समिति को उम्मीद है कि जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

बच्चों और युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं

तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 2 सितंबर को शाम 5 बजे से बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन होगा। इसके बाद 3 सितंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।

दोनों प्रतियोगिताओं का ग्रैंड फिनाले 4 सितंबर को सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।

बाल राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में मिलेंगे नकद पुरस्कार

महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में अधिकतम 10 वर्ष की उम्र तक के बच्चे हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 7 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये की नकद राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

वहीं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 20 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भी सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं के लिए नामांकन शुरू

सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के लिए नामांकन फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया गया है। इच्छुक प्रतिभागी सूर्य मंदिर परिसर से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म का वितरण प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से 7 बजे तक किया जा रहा है।

समिति ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभिन्न प्रभारियों की नियुक्ति भी की है। आयोजन को लेकर सूर्यधाम परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading