धालभूमगढ़: पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड के गोगलो गांव में बुधवार शाम बारिश के कारण कमजोर हुई मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से चौथी कक्षा में पढ़ने वाली करीब नौ वर्षीय बच्ची जमुना कैवर्त गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
मृतका की पहचान गोगलो गांव निवासी विशेश्वर कैवर्त की पुत्री जमुना कैवर्त के रूप में हुई है। वह गांव के ही विद्यालय में चौथी कक्षा की छात्रा थी।
घर के बाहर बैठी थी बच्ची, अचानक ढह गई दीवार
बताया गया कि बुधवार शाम जमुना अपने घर के बाहर मिट्टी की दीवार के समीप बैठी थी। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर बच्ची के ऊपर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।
बेहतर इलाज के लिए टीएमएच किया गया रेफर
घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया।
हालांकि, इलाज के दौरान बुधवार रात जमुना ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।