जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं, साफ-सफाई व्यवस्था की बदहाली और कथित प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में जनता दल (यू) ने आंदोलन का ऐलान किया है। विधायक सरयू राय की मौजूदगी में हुई बैठक में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना देने का निर्णय लिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित विधायक सरयू राय के कार्यालय में आयोजित जदयू कार्यकर्ताओं एवं मानगो जनसुविधा समिति की संयुक्त बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया।
बैठक में मानगो नगर निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई गई। बताया गया कि निगम क्षेत्र में कुल 12 करोड़ 13 लाख 19 हजार 117 रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाएं अब तक लंबित हैं।
इनमें 3 करोड़ 53 लाख 32 हजार 680 रुपये की लागत वाली 32 योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को किया गया था, जबकि 6 करोड़ 73 लाख 16 हजार 300 रुपये की लागत वाली दो प्रमुख सड़क योजनाओं का शिलान्यास 14 अप्रैल 2026 को हुआ था।
इसके अलावा मानगो को जलजमाव और बाढ़ की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से 2 करोड़ 44 लाख 67 हजार 800 रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 अप्रैल 2026 को निविदा प्रकाशित की गई थी।
बैठक में कहा गया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है।
बैठक में देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में हर वर्ष होने वाली जलजमाव और बाढ़ की समस्या पर भी चिंता जताई गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पिछले वर्ष स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक सरयू राय स्वयं घुटने तक पानी में उतरकर तत्कालीन उप नगर आयुक्त के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था।
इसके बाद उन्होंने नगर विकास विभाग को चार बड़े नालों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा और विभागीय मंत्री एवं सचिव से बातचीत कर योजना को स्वीकृति दिलाई। बावजूद इसके, सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे स्थानीय लोगों को इस वर्ष भी जलजमाव की आशंका बनी हुई है।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो के प्रत्येक वार्ड में दो-दो सदस्यों की समितियां गठित की जाएंगी। ये समितियां वार्ड स्तर पर जनसमस्याओं की निगरानी करेंगी और उनके समाधान के लिए लगातार पहल करेंगी।
उन्होंने कहा कि जनसुविधा समिति और जदयू कार्यकर्ता संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई का निरीक्षण करेंगे, उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे और विस्तृत रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे।
बैठक में नगर निगम चुनाव के बाद क्षेत्र में बने हालात पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों का प्रभाव बढ़ने से क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मानगो में बढ़ते अपराध को लेकर विधायक सरयू राय द्वारा एक टीवी चैनल को दिए गए बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और इसके आधार पर उनका पुतला दहन किया गया। बैठक में दावा किया गया कि पुतला दहन के दौरान विधायक के चित्र के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस मामले में जदयू महानगर अध्यक्ष ने उलीडीह थाना में एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है। इसे लेकर बैठक में रोष व्यक्त करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, मानगो जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, आकाश साह, विनोद सिंह, दीपक गौड़, पिंटू सिंह, विकास साहनी, प्रवीण सिंह, लालु गौड़, मुस्ताक अहमद, संतोष भगत, संजीव मुखर्जी, प्रेम सक्सेना, संतोष चौहान, टूनटून सिंह, संजीव सिंह, अशोक सिंह, ममता सिंह, चेतक सिंह, संजय सिंह, मनोज गुप्ता, भवानी सिंह, मुकेश सिंह, शिरीन अख्तर, सुनील महतो, राजा राम प्रसाद, बिरू सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
