गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त के निरीक्षण के बाद अब सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सातवाहिनी-जमालपुर बस्ती में डायरिया फैलने से लोगों में दहशत का माहौल है।

बीते शनिवार रात अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद करीब आधा दर्जन लोग बीमार पड़ गए। इनमें एक महिला और एक किशोरी को गंभीर हालत में गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य मरीजों का उपचार अलग-अलग निजी अस्पतालों में कराया गया।
डायरिया से प्रभावित लोगों में गिरिजा देवी (65), रीतू कुमारी (17), पूजा तिवारी, रानी कुमारी समेत कई स्थानीय निवासी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं क्षेत्र में बीमारी फैलने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
इस बीच, सातवाहिनी निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता भगवान सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से इलाके में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है और न ही डीडीटी का छिड़काव कराया गया है। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण बस्ती में संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं।
उन्होंने नगर निगम के आयुक्त, मेयर और संबंधित अधिकारियों से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पूरे क्षेत्र में डीडीटी का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
भगवान सिंह ने गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे तक डायरिया के मरीज अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन इमरजेंसी वार्ड में एक भी चिकित्सक मौजूद नहीं था।
पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी केवल दो नर्सों के भरोसे थी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और क्षेत्र में प्रभावी रोग नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है, ताकि डायरिया का प्रकोप आगे न बढ़े।
लोगों का कहना है कि नियमित सफाई की व्यवस्था रहे तो बीमारियों पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की जाती रही है कि लोग खुद भी अपना ध्यान रखें।
