जमशेदपुर : कराटे के माध्यम से आत्मरक्षा, अनुशासन और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को जमशेदपुर में कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा हर व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है।
ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड ने किया, जबकि मेजबानी ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम ने की। इसमें जिले के विभिन्न कराटे प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन के अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेमिनार एवं ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा का संचालन एसोसिएशन के चीफ टेक्निकल डायरेक्टर सिहान तारक नाथ सरदार ने किया।
जापान से 6th डैन ब्लैक बेल्ट प्राप्त सिहान सरदार एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी तथा वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज एवं रेफरी कमीशन (KIO) के सदस्य हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को कराटे की आधुनिक तकनीकों, प्रतियोगिता के नियमों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जजिंग एवं रेफरिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चीफ इंस्ट्रक्टर तथा स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम के अध्यक्ष सेंसेई शिवम कुमार ने कहा कि आज के दौर में आत्मरक्षा जीवन का महत्वपूर्ण कौशल बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि कराटे केवल स्वयं की सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस विकसित करने का प्रभावी साधन भी है।
उन्होंने बताया कि संगठन का लक्ष्य झारखंड के हर घर तक कराटे प्रशिक्षण पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक बहन और बेटी जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सके।
उन्होंने कहा कि कराटे अब सेल्फ डिफेंस के साथ-साथ एक लोकप्रिय प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी तेजी से उभर रहा है और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
सेंसेई शिवम कुमार ने बेटियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन इस अभियान में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी गईं।
प्रतभागियों ने भी इस आयोजन की सराहना की। कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर काफी सीखने को मिला।
