कपाली : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का सरायकेला-खरसावां पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश की है।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल भी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि कपाली ओपी क्षेत्र में आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन ने शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई उर्फ काना की हत्या की नीयत से फायरिंग की थी।
गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया था।
घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार तकनीकी और मानवीय स्रोतों के जरिए नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी देर रात कपड़े लेने अपने घर आ सकता है।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर के बाहर घेराबंदी कर दी। देर रात जैसे ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर घर पहुंचा, पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी छह मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू तथा टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे।
पुलिस की त्वरित रणनीति और लगातार की गई छापेमारी के चलते महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर लिया गया।