बार का मैनेजर भी धराया, दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा जमशेदपुर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुए इस बहुचर्चित हत्या मामले में फरार चल रहे डीडी बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह तथा बार के मैनेजर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है, जहां पुलिस उनसे गहन पूछताछ करेगी।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन डीडी बार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद हिमांशु को बार से बाहर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद अपराधियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की बाद में मौत हो गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में शामिल अपराधियों के अलावा डीडी बार के मालिक नीरज सिंह और बार मैनेजर के खिलाफ भी साजिश सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस का मानना है कि दोनों की भूमिका की जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके आधार पर उनकी गिरफ्तारी आवश्यक हो गई।
पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। हालांकि, हत्या का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द उसे भी गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।
जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि नीरज सिंह और बार मैनेजर से पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर घटना की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया था। नीरज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के कई नेताओं और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
उनका कहना था कि केवल बार के मालिक होने के आधार पर किसी व्यक्ति को हत्या का आरोपी नहीं ठहराया जा सकता। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है तथा मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।