बहरागोड़ा : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर अलकतरा फैल जाने से यातायात प्रभावित हो गया, जिसे पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद करीब चार घंटे की मशक्कत से सामान्य किया जा सका।
हुआ यूं कि जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झरिया मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) पर शुक्रवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई।
जमशेदपुर की ओर से आ रहे एक खाली ट्रक ने आगे चल रहे अलकतरा (बिटुमेन) से लदे टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के कारण टैंकर से बड़ी मात्रा में अलकतरा सड़क पर फैल गया, जिससे मार्ग बेहद फिसलन भरा हो गया और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और टैंकर को सड़क से हटाया गया।
वहीं जेसीबी मशीन से सड़क पर फैले अलकतरा पर बालू डलवाकर उसे साफ कराया गया, ताकि यातायात सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।
करीब चार घंटे तक चले राहत एवं सफाई अभियान के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बहाल किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और वाहन चालकों ने पुलिस के राहत कार्य और तत्परता की सराहना की।
चर्चा यह भी है कि थाना प्रभारी की तत्परता से चालक की जान बची अन्यथा उसका बचना मुश्किल था।