जमशेदपुर : होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर साजिशकर्ता के करीब पहुंची पुलिस।। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे जमशेदपुर ले आई है, जहां वरीय अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।दोनों शूटरों की गिरफ्तारी भी यूपी से ही होने की सूचना आ रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कदमा के विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी और होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की साजिश में अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की अहम भूमिका थी।
पुलिस ने शनिवार देर रात कानपुर में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे जमशेदपुर लाया गया है।
मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने सिंटू सिंह की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी पहचान की और कानपुर में उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस के वरीय अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
पूछताछ के दौरान वह पुलिस का सहयोग कर रहा है। पुलिस जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। जरूरत पड़ने पर उसे घटनास्थल पर ले जाकर भी जांच की जा सकती है।
सिंटू सिंह के खिलाफ पहले से कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
फायरिंग और रंगदारी समेत कई मामले
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद सिंटू सिंह हाईवे के आसपास के इलाकों के अलावा चांडिल, कपाली और एमजीएम थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़े कारोबार में सक्रिय था।
उसे मानगो के उलीडीह इलाके का शातिर अपराधी बताया जाता है। उसके खिलाफ फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
जमशेदपुर पुलिस ने पूर्व में उसे तड़ीपार भी किया था। इसके बाद वह कपाली क्षेत्र में रहकर कथित तौर पर अपने गिरोह की गतिविधियां संचालित कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, जेल से रिहा होने के बाद उसने अखिलेश सिंह गिरोह से भी संपर्क बढ़ाया था।
गुड्डू पांडेय गिरोह से भी रहा संबंध
बताया जाता है कि सिंटू सिंह पहले मानगो के अपराधी गुड्डू पांडेय के गिरोह से जुड़ा हुआ था। बाद में गणेश सिंह को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद सिंटू सिंह ने कथित तौर पर गुड्डू पांडेय के घर पर कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना के बाद वह पुलिस की निगरानी में भी रहा।
हत्या से पहले एक सप्ताह तक निखार की रेकी
जांच में यह बात भी सामने आई है कि निखार सबलोक की हत्या से पहले करीब एक सप्ताह तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। रेकी के लिए सिंटू सिंह ने मानगो डिमना रोड निवासी विश्वनाथ से लाल रंग की एक कार खरीदी थी।
पुलिस अब इस कार समेत रेकी और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इधर, इस मामले में सोनारी के कारोबारी अशोक सिंह राघव को शनिवार को टीएमएच में भर्ती कराया गया है। चांडिल थाना में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
24 अगस्त को होटल के बाहर हुई थी निखार की हत्या
होटल कारोबारी निखार सबलोक की 24 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह घर से निकलने के बाद चांडिल थाना क्षेत्र स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन पहुंचे थे।
यहां उन्हें चांडिल निवासी सुखलाल पहाड़िया और उनके सहयोगियों मनमन सिंह व गुरुचरण सिंह से जमीन के सिलसिले में बातचीत करनी थी।
बताया जाता है कि संबंधित जमीन होटल के पास ही स्थित है और वहां निर्माण कार्य शुरू किया जाना था। इसी दौरान हमलावर पहले से होटल पहुंचकर निखार का इंतजार कर रहे थे।
दोस्तों से बातचीत के बाद जैसे ही निखार होटल से बाहर निकले, अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में निखार को करीब 11 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अब मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्याकांड के पीछे की वजह, शूटरों और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
अब देखने वाली बात यह है कि पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा करेगी। चर्चा यह भी है कि निखार सबलोक भी जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था। इसी धंधे के कारण दोनों में अदावत तो नहीं थी।