- मेजबान और बारातियों के बीच पहले हुई तीखी बहस, बाद में चले लाठी, डंडे और धारदार हथियार
- आधा दर्जन घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में कराया गया भर्ती
- सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 12 स्थित बलवापार की घटना
सहरसा : बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में निकाह समारोह के दौरान भोज के मेन्यू को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया, जिसने खुशियों के माहौल को हिंसक झड़प में बदल दिया।
आरोप है कि बारातियों को मटन (खस्सी) खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन भोजन में चिकन (मुर्गा) परोस दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 12 स्थित बलवापार की है। यहां रहने वाले मोहम्मद अनवर के पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मोहम्मद जावेद उर्फ मोटो की पुत्री से तय हुआ था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं।
निकाह के बाद जब बाराती भोजन करने बैठे तो दूल्हा पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से मटन परोसने की जानकारी दी गई थी, लेकिन थाली में चिकन परोसा जा रहा था। इसी बात पर मेजबान और बारातियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान लात-घूंसे चलने के साथ ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस झड़प में दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में मोहम्मद आशिक, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद हसन, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद जब्बार, मोहम्मद आतिफ और मोहम्मद महबूब समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सहरसा : बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एक निकाह समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब भोज में मटन की जगह चिकन परोसे जाने को लेकर बाराती और शराती आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए, जिसमें दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
