रांची: झारखंड सरकार राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल कर रही है। राज्य सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने को सतत प्रयत्नशील है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेंज की बदहाल आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर इसके आधुनिकीकरण और सभी जरूरी सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रेंज की मौजूदा स्थिति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को शूटिंग रेंज के व्यापक आधुनिकीकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक सुधार कार्य पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को भी समान अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान हेमन्त सोरेन ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को पूरी तरह दुरुस्त करने, फायर सेफ्टी की नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने, शूटिंग उपकरणों के बेहतर रखरखाव और खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं शूटिंग राइफल से निशाना साधकर शूटिंग रेंज की व्यवस्थाओं का अनुभव लिया।
निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
