चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से सटे घाघरी गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। खेत से लौटने के बाद हड़िया पीने के दौरान खाते समय गुलगुला खाते गले में फंस गया, जिससे युवक का दम घुट गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गुलगुला श्वासनली में फंसने से बिगड़ी हालत
मृतक की पहचान घाघरी गांव निवासी मोटाय गोप (28) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह खेत में हल चलाने का काम पूरा करने के बाद गांव के एक हड़िया गोदाम पहुंचा था। वहां हड़िया पीने के साथ वह गुलगुला खा रहा था। इसी दौरान अचानक गुलगुला उसकी श्वासनली (विंडपाइप) में फंस गया।
निवाला अटकते ही उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी। ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण वह तड़पने लगा और कुछ ही देर में जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गले में भोजन फंसने के कारण दम घुटने से युवक की मौत हुई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
