August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर डीडी बार हत्याकांड: पुलिस ने दो और नाबालिग आरोपियों को पकड़ा, अब तक पांच गिरफ्तार

जमशेदपुर डीडी बार हत्याकांड: पुलिस ने दो और नाबालिग आरोपियों को पकड़ा, अब तक पांच गिरफ्तार

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के चर्चित मामले में पुलिस को जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो और नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी आदित्यपुर क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड होम भेज दिया गया।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इनमें तीन नाबालिग और दो वयस्क आरोपी शामिल हैं। पहले गिरफ्तार किए गए वयस्क आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कई पुलिस टीमों को लगाया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल की गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसके अलावा बार मालिक, भाजपा नेता नीरज सिंह, बार मैनेजर तथा अन्य नामजद आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि हमले में केवल चाकू ही नहीं, बल्कि कुल्हाड़ी का भी इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार एक आरोपी के पास कुल्हाड़ी थी, जबकि दूसरे के हाथ में चाकू था।

दोनों हथियारों से हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष सिंह भी इस हमले में घायल हुए थे।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि घटना से पहले डबल डाउन बार के अंदर दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया।

इसके बाद बार के बाहर हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह के साथ मारपीट की गई और उन पर जानलेवा हमला किया गया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading