पोटका: कोल्हान सड़क हादसों के मामले में हर दिन नया रिकार्ड बना रहा है। हर दिन तीनों जिले में सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के हाता-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
पावरु स्थित शाह स्पंज कंपनी चौक के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रहे एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू गांव निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुमन मंडल पोल्ट्री चिकन ले जाने वाली पिकअप वैन में खलासी का काम करता था। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह पिकअप वैन को पास के एक वाशिंग सेंटर में खड़ा करने के बाद नाश्ता करने के लिए होटल की ओर पैदल जा रहा था।
इसी दौरान शाह स्पंज कंपनी से माल अनलोड कर मुख्य सड़क पर निकल रहे ट्रक संख्या CG15DH/5176 ने सुमन को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक का पहिया युवक के शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण सुमन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क पर डटे हुए थे और जाम जारी था।