UPI Feature Phones : अब स्मार्टफोन और इंटरनेट के बिना भी फीचर फोन से यूपीआई भुगतान किया जा सकेगा। डिजिटल पेमेंट कंपनी फोनपे ने ‘PhonePe UPI 123Pay’ सेवा शुरू की है। इसके जरिए फीचर फोन यूजर्स सीमित 2G कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में भी एसएमएस आधारित तकनीक से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।
डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में फोनपे ने फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए नई सुविधा शुरू की है। कंपनी ने सोमवार को ‘PhonePe UPI 123Pay’ लॉन्च करने की घोषणा की।
इस सेवा की मदद से फीचर फोन रखने वाले लोग बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी यूपीआई के जरिए भुगतान कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि वह फीचर फोन यूजर्स के लिए यूपीआई भुगतान सुविधा उपलब्ध कराने वाली पहली प्रमुख टीपीएपी कंपनियों में शामिल हो गई है।
देश में अभी 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन उपयोगकर्ता होने का अनुमान है। फोनपे के अनुसार, नई सेवा उसकी स्वामित्व वाली तकनीक पर आधारित है और सीमित 2G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी लेनदेन को भरोसेमंद बनाए रखने के लिए एसएमएस आधारित सिस्टम का इस्तेमाल करती है।
Nokia, HMD, Lava और itel के साथ साझेदारी
फीचर फोन में इस सुविधा को पहले से उपलब्ध कराने के लिए फोनपे ने Nokia, HMD, Lava International और itel Mobile जैसे मोबाइल फोन निर्माताओं के साथ साझेदारी की है। इससे नए फीचर फोन खरीदने वाले उपयोगकर्ताओं को यूपीआई भुगतान की सुविधा सीधे डिवाइस में मिल सकेगी।
फोनपे के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर निगम ने मीडिया को जानकारी दी कि ‘PhonePe UPI 123Pay’ के जरिए यूपीआई को फीचर फोन तक पहुंचाना डिजिटल भुगतान को स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं से आगे ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य अगले 30 करोड़ उपयोगकर्ताओं को डिजिटल भुगतान के दायरे में लाकर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है।
P2P और P2M भुगतान की सुविधा
नई सेवा के जरिए उपयोगकर्ता व्यक्ति से व्यक्ति (P2P) और व्यक्ति से व्यापारी (P2M) भुगतान कर सकेंगे। कैमरे वाले फीचर फोन में क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इसके अलावा उपयोगकर्ता अपने बैंक खाते का प्रबंधन, खाते में उपलब्ध राशि की जांच और पिछले लेनदेन का इतिहास भी देख सकेंगे।
12 भारतीय भाषाओं में AI हेल्पलाइन
पहली बार सेवा का इस्तेमाल करने वाले लोगों की सहायता के लिए फोनपे ने आवाज आधारित एआई हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह हेल्पलाइन अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए सेवा को समझना और इस्तेमाल करना आसान होगा।
कंपनी के मुताबिक, आने वाले अपडेट में बिजली-पानी जैसे बिलों का भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और आधार आधारित सेवाओं जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
जुलाई 2026 तक फोनपे के पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 71.5 करोड़ से अधिक थी। वहीं, कंपनी के व्यापारी नेटवर्क में 5 करोड़ से ज्यादा भागीदार जुड़े हुए थे।