August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
भारत

BIHAR : चेन्नई में पति ने वीडियो कॉल पर की आत्महत्या, लाइव तस्वीर देख पत्नी ने भी उठाया खौफनाक कदम

BIHAR : चेन्नई में पति ने वीडियो कॉल पर की आत्महत्या, लाइव तस्वीर देख पत्नी ने भी उठाया खौफनाक कदम

*बिहार के अमनौर की घटना : शादी के 8 महीने बाद उजड़ा परिवार

*दोनों की मौत से रसूलपुर और मछगरा गांव में मातम

अमनौर: बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध आत्महत्या से सनसनी फैल गई। चेन्नई में रह रहे 25 वर्षीय बबलू कुमार महतो ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगा ली। पति को इस हालत में देखकर उसकी 23 वर्षीय पत्नी सपना कुमारी भी कथित तौर पर फंदे पर झूल गई। दोनों की मौत से रसूलपुर और मछगरा गांव में मातम पसरा है।

पांच महीने पहले काम की तलाश में चेन्नई गया था बबलू

मृतक बबलू कुमार महतो अमनौर के रसूलपुर गांव का रहने वाला था। परिवार के मुताबिक, करीब पांच महीने पहले वह रोजगार के सिलसिले में चेन्नई गया था। वहां वह पेंटिंग और मजदूरी का काम करता था। घर पर उसकी पत्नी सपना के अलावा बुजुर्ग माता-पिता रहते थे।

बबलू और सपना की शादी करीब आठ-नौ महीने पहले हुई थी। इतनी कम अवधि में दंपती की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।

खेत से लौटने पर सास ने देखा बहू का शव

रविवार को बबलू की मां सीता देवी खेत से काम कर घर लौटीं। इसी दौरान उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो सपना पंखे से लटकी हुई थी। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर सपना को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

फोन पर विवाद के बाद सामने आया वीडियो कॉल का मामला

पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बबलू और सपना के बीच फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया था।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह बबलू ने चेन्नई से वीडियो कॉल किया और कथित तौर पर फंदे पर लटककर अपनी पत्नी को आत्महत्या का दृश्य दिखाया। पति को इस स्थिति में देखकर सपना सदमे में आ गई और कुछ ही समय बाद उसने भी कथित तौर पर फांसी लगा ली।

परिजनों के मुताबिक, बबलू ने अपनी मां से पत्नी को मायके भेजने की बात भी कही थी।

दो दिन पहले ही मायके से लौटी थी सपना

सपना बनियापुर थाना क्षेत्र के मछगरा गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, वह दो दिन पहले ही रक्षाबंधन मनाकर ससुराल लौटी थी। अचानक हुई इस घटना के बाद मायके और ससुराल दोनों जगह शोक का माहौल है।

पुलिस ने सपना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। वहीं, परिजन चेन्नई से बबलू का शव वापस लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading