रक्सौल : बिहार के रक्सौल में प्रेमी के पास जाने की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने हाथ में धारदार चाकू जैसा हथियार भी ले रखा था। टावर पर युवती के चढ़ने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना हरैया थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, परेउआ वार्ड नंबर-1 की रहने वाली युवती अपने प्रेमी के पास जाने की मांग कर रही थी। परिजनों पर दबाव बनाने के लिए वह एयरपोर्ट रोड स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
एक महीने पहले प्रेमी के साथ चली गई थी युवती
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद उसे वापस घर लाया था। हालांकि, कुछ समय बाद युवती दोबारा प्रेमी के पास जाने की जिद करने लगी। इसी दौरान उसने परिजनों पर दबाव बनाने के लिए टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
हाथ में चाकू लेकर टावर पर चढ़ी
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती के हाथ में चाकू जैसा धारदार हथियार दिखाई दे रहा है। स्कूल छोड़ने जा रहे कुछ लोगों की नजर जब टावर पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय समाजसेवियों ने माइक के जरिए युवती को लगातार समझाने की कोशिश की। युवती प्रेमी के पास जाने और उसके साथ रहने की बात कहती रही।
करीब चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद प्रशासन की ओर से उसे आश्वासन दिया गया कि उसकी इच्छा के अनुसार प्रेमी से शादी कराने को लेकर बात की जाएगी। इसके बाद युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।