Vaishali Crime News: बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। तिसीऔता थाना क्षेत्र में बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने घात लगाकर कारोबारी को निशाना बनाया। नजदीक से तीन गोलियां मारने के बाद अपराधी उनका बैग और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस लूटपाट के साथ-साथ हत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी आक्रोश है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
करीब आठ साल से राम सुरेश चौक पर रह रहे थे विशाल
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी विजय साह के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विशाल करीब आठ वर्षों से राम सुरेश चौक स्थित कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे।
उन्होंने अपने आवास से लगभग एक किलोमीटर दूर फूलकुमारी मार्केट में लालबाबू राय की दुकान में आभूषण का कारोबार शुरू किया था। इसी दुकान के जरिए वह स्वर्ण आभूषण का व्यवसाय करते थे।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, एक महीने का है बेटा
विशाल की हत्या की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि विशाल की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनका एक महीने का बेटा भी है। घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। मासूम बच्चे के सिर से कम उम्र में ही पिता का साया उठ गया।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। अब पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला लूटपाट के दौरान हत्या का लग रहा है। हालांकि, जांच एजेंसियां हत्या के दूसरे संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं। पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।