पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र के कचना रहिका टोल में जमीन विवाद को लेकर एक महिला को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना मंगलवार को उस समय हुई, जब रहिका टोल निवासी गुलशन दास की पत्नी कोमल कुमारी सावन की अंतिम सोमवारी का व्रत रखे हुए थीं।
बताया जा रहा है कि वह छत पर सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद में उन्हें गोली मार दी गई।
पीड़िता की सास उगनी देवी ने आरोप लगाया कि उनके देवर विशु दास और देवरानी बिंदु देवी ने कोमल कुमारी को गोली मारी है। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष जमीन पर कब्जा करना चाहता है और लगातार परिवार को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी देता रहा है।
उगनी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की थी। अब उनकी बहू को गोली मारकर जान से मारने की कोशिश की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूरे परिवार को धमकी दी थी कि यदि घर छोड़कर नहीं गए तो सभी की हत्या कर दी जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही डगरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। डगरुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।