पटना : राजधानी पटना में एलन मस्क की कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से करीब 80 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठग ने टेलीग्राम के जरिए युवती से संपर्क किया और खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर उसका भरोसा जीता। करीब दो साल तक अलग-अलग तरीके और बहाने से युवती से रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराता रहा।
महिला डॉक्टर की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टेलीग्राम पर हुई थी ठग से पहचान
जानकारी के अनुसार, एग्जीबिशन रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला डॉक्टर की बेटी नौकरी की तलाश में थी। इसी दौरान टेलीग्राम पर उसकी पहचान भारती मित्तल नाम के व्यक्ति से हुई। आरोपी ने खुद को एलन मस्क की कंपनी का अधिकारी बताया और युवती को आकर्षक वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने युवती का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद उसने नौकरी और कंपनी में निवेश से जुड़े अलग-अलग बहाने बनाकर उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए।
बैंक खाता फ्रीज होने का बनाया बहाना
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने एक दिन युवती को बताया कि उसका बैंक खाता किसी वजह से फ्रीज हो गया है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। उसने जल्द रकम लौटाने का भरोसा भी दिया। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए युवती ने पैसे भेजना शुरू कर दिया।
करीब दो साल के दौरान युवती ने अपनी मां के खाते से रकम अपने खाते में ट्रांसफर की और फिर वहां से आरोपी के बैंक खाते में पैसे भेजती रही। इस तरह कुल करीब 80 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
मां को बैंक पहुंचने पर हुआ ठगी का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला डॉक्टर को पैसों की जरूरत पड़ी और वह बैंक पहुंचीं। खाते में रकम नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। घर लौटने के बाद उन्होंने बेटी से पूछताछ की, तब पूरे मामले का पता चला।
इसके बाद महिला डॉक्टर ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाने में भी लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों, टेलीग्राम चैट और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
अब तक इस मामले में कोई सुराग नहीं मिल सका है।