August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

गम्हरिया सीओ के खिलाफ कांग्रेस का जनआक्रोश, भ्रष्टाचार और लंबित मामलों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर धरना

गम्हरिया सीओ के खिलाफ कांग्रेस का जनआक्रोश, भ्रष्टाचार और लंबित मामलों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर धरना

गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार, जनकल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता और हाल ही में अंचल अधिकारी (सीओ) पर कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रखंड कांग्रेस कमेटी और आदित्यपुर नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनआक्रोश रैली के बाद प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना दिया गया और सीओ के तत्काल तबादले की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर और आदित्यपुर नगर अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गापूजा मैदान से निकाली गई विशाल जनआक्रोश रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली प्रखंड कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, ईडब्ल्यूएस, जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण मामलों को बिना वजह लंबित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन कार्यों में देरी के कारण आम लोगों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रवेश प्रक्रियाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं हो रहा है। इसके कारण पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राज बागची, प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, प्रदेश सचिव छोटेराय किस्कू, इंटक के कोल्हान प्रभारी राणा सिंह, जिला अध्यक्ष केपी तिवारी और गंभीर सिंह ने प्रशासन पर जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने गम्हरिया के अंचल अधिकारी को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।

कार्यक्रम को जिला प्रभारी प्रिंस कुमार, ब्रजेश सिंह, महासचिव रिजवान अंसारी, राजू रजक, खिरोद सरदार और तस्लीमा खातून सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन गम्हरिया के अंचल निरीक्षक को सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कोल्हान आयुक्त, राज्य के मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई।

इस दौरान संगीता प्रधान, अणिमा देवी, रानी शर्मा, सुमंत शर्मा, कमल नयन, सुनीता ठाकुर, संजय वैद्य समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अंचलाधिकारी बेवजह लोगों को परेशान कर रहे हैं। आम आदमी को मामूली काम के लिए भी अंचल कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading