कपाली निवासी युवक पुल की जाली पर चढ़ा, लोगों और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जमशेदपुर: शहर के मानगो पुल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। कपाली निवासी एक युवक ने पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात टाइगर मोबाइल के जवान सलमान की सतर्कता और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले मानगो पुल पर लगी सुरक्षा जाली के ऊपर चढ़ गया। उसे इस स्थिति में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवान सलमान ने बिना देर किए युवक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम उठाने का प्रयास क्यों किया।
प्रारंभिक जांच में उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मामले की जांच जारी है।